मृतक पुत्र एवं अस्पताल में भर्ती घायल बहू।
– बेटे के हाथ का उड़ गया पंजा, इलाज के दौरान मौत
– घर की चैखट पर गूंजी बंदूक की आवाज, फरार हुआ पिता
– एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच, गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगी
CITY NEWS FATEHPUR
बिंदकी, फतेहपुर(CNF)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सीतापुर में बुधवार को एक सनसनी खेज वारदात में सनकी बुजुर्ग पिता ने अपने बेटे और बहू को लाइसेंसी दो नाली बंदूक से फायर झोंक गोली मार दी जिससे दोनों मरणासन्न हो गए। काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों ने अपने साधन से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए कानपुर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद हमलावर बाप साइकिल से फरार हो गया। घटना के पीछे फसल को लेकर पारिवारिक विवाद बताया जाता है। इलाज के दौरान कानपुर में बेटे की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक ग्राम सीतापुर में रामखेलावन पटेल 75 वर्ष ने अपनी उस लाइसेंसी बंदूक से घटना को अंजाम दिया जो दशकों पूर्व घर में पड़ी डकैती के दरमियान उसके पिता के मारे जाने से प्रशासन द्वारा लाइसेंस उपलब्ध कराया गया था। रामखेलावन पटेल के दो बेटे हैं अवनीश और राजू। राजू कानपुर में रहकर काम करता है जबकि अवनीश किसी फाइनेंस कंपनी में काम करता है। घर में आज रामखेलावन उसकी पत्नी, बड़ा पुत्र अवनीश 35 वर्ष उसकी पत्नी मनीषा 28 वर्ष और छोटी बहू थी कि लगभग दस बजे मनीषा और रामखेलावन के बीच फसल को लेकर बहस होने लगी, बात काफी उग्र हो गई। रामखेलावन बहू को मारने दौड़ा कि इसी बीच अवनीश ने बलपूर्वक रामखेलावन को रोक जिससे क्रोधित होकर रामखेलावन अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक निकाल लाया और अवनीश एवं मनीषा पर गोली चला दी।. मनीषा के जहां पेट में गोली लगी वही अनीश का एक हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया। इससे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर भी एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने अपने साधन से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर पहले चैकी इंचार्ज और फिर पुलिस क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा भी पहुंचे और घटना की हड़ताल की। साथ ही अभियुक्त गिरफ्तारी के सघन प्रयास प्रारंभ कर दिए। इसके बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसे कुर्ता पजामा पहनकर साइकिल से जाते हुए शराब ठेका हरी खेड़ा के पास देखा गया है। पुलिस हमले में प्रयुक्त बंदूक की बरामदगी और अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
लाइसेंसी असलहा सीज, जल्द होगी गिरफ्तारी: एसपी

घटनास्थल पर परिजनों से बात करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से समीक्षा की। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को घटना की निष्पक्ष एवं गहराई से जांच करने, फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी असलहा बरामद कर उसे सीज कर दिया है। मुख्य आरोपी रामखिलावन वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
