तालाब खुदाई कार्य देखतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश, आबादी के पास तालाबों को प्राथमिकता देने पर जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जल संरक्षण व भूजल संवर्धन की दिशा में जनपद में चलाए जा रहे मिशन-300 अभियान के तहत बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने विकास खंड असोथर की ग्राम पंचायत सुसवन बुजुर्ग में तालाब खुदाई कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तालाबों की खुदाई पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि तालाबों के लिए भूमि का चयन करते समय विशेष ध्यान रखा जाए कि वह आबादी के निकट हो, ताकि वर्षा का पानी आसानी से तालाबों में एकत्र होकर संरक्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए तालाबों का पुनर्जीवन और नए तालाबों का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे भूजल स्तर में सुधार के साथ ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य कराने और प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी असोथर एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मिशन 300 के तहत जिले में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर तालाब खुदाई और पुनर्जीवन का कार्य कराया जा रहा है।
