बदहाल विजयीपुर-कोट मार्ग का दृश्य।
– विजयीपुर-कोट मार्ग का एक किलोमीटर हिस्सा जर्जर, बारिश में बढ़ी परेशानी
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। क्षेत्र के विजयीपुर ग्राम पंचायत से कोट ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क की बदहाली राहगीरों और ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। करीब पच्चीस वर्ष पूर्व बनी यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, जिससे लोगों का आवागमन दूभर हो गया है। बारिश के मौसम में सड़क पर गड्ढे और कीचड़ के कारण हालात और भी खराब हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग इलाके का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिसका उपयोग विजयीपुर, कोट, गढ़ा, एकदला, किशनपुर सहित कई गांवों के लोग प्रतिदिन करते हैं। बताया जाता है कि तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ. हरिओम के कार्यकाल में इस सड़क पर गिट्टी डलवाई गई थी, लेकिन उसके बाद से सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। हालांकि वर्ष 2025-26 में जिला पंचायत द्वारा इस मार्ग के दो किलोमीटर हिस्से का निर्माण कराया गया, जो कोट ग्राम पंचायत क्षेत्र में आता है। यह निर्माण कार्य तीन चरणों में खखरेरू-कोट मार्ग से दौलतपुर, टेढ़ी मोड़ और मुस्सन लंबरदार के डेरा मोड़ तक कराया गया। इसके बावजूद गाजीपुर ग्राम पंचायत की सीमा में आने वाला लगभग एक किलोमीटर पुराना हिस्सा आज भी मरम्मत का इंतजार कर रहा है। पूर्व प्रधान रामचन्द्र और मतीन ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार जिला पंचायत और सांसद नरेश उत्तम पटेल को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं समाजसेवी आसिफ खान ने भी सांसद से बारिश से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान गोवर्धन निषाद ने बताया कि उन्होंने खागा विधायक एवं राज्य मंत्री कृष्ण पासवान से सड़क निर्माण को लेकर चर्चा की है। मंत्री ने जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही जिला पंचायत से भी शेष एक किलोमीटर सड़क बनवाने का अनुरोध किया गया है, जिस पर सकारात्मक आश्वासन मिला है। ग्रामीण जुल्फिकार उल्लाह, जिया उल्लाह, प्रताप, बच्चीलाल, रामसरूप, नजीर, घुरवा और जेना सहित अन्य लोगों ने कहा कि यदि बारिश से पहले सड़क का निर्माण हो जाता तो क्षेत्रवासियों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल जाती। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
