फोटो परिचय- पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– शिनाख्त के लिए यूपी और एमपी में एक साथ चलेगा अभियान, 15 जिलों में पहुंचीं 22 पुलिस टीमें
– एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने गठित कीं विशेष टीमें, दूसरे राज्यों तक पहुंचाए जा रहे पहचान से जुड़े संदेश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों के बीच खंती में बरामद हुई अज्ञात महिला की लाश का रहस्य 16 दिन बाद भी अनसुलझा है। तमाम प्रयासों के बावजूद मृतका की पहचान नहीं हो पाने से पुलिस के सामने चुनौती बढ़ती जा रही है। अब इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने अंतरजनपदीय स्तर पर व्यापक अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने 22 विशेष टीमों को जिम्मेदारी सौंपते हुए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के 15 जनपदों में रवाना किया है।
घटना दो नवंबर की है। ललौली थाना क्षेत्र के कोर्रा कनक मोड़ से मुत्तौर रोड के बीच सड़क किनारे झाड़ियों में बनी खंती से करीब 30 वर्षीय महिला का शव मिला था। निर्जन स्थान पर शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और महिला की पहचान कराने के लिए प्रयास शुरू किए। इसके बावजूद अब तक मृतका के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में संबंधित अधिकारियों और जांच में जुटी टीमों के साथ बैठक की। उन्होंने अब तक की जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए शिनाख्त के प्रयासों को और व्यापक बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद 22 विशेष टीमों का गठन कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
पुलिस टीमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के 15 जिलों में जाकर महिला की पहचान से संबंधित जानकारी जुटाएंगी। इसके लिए स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित करने के साथ विभिन्न माध्यमों से महिला के हुलिए और शव मिलने की घटना का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा, ताकि कहीं से भी कोई सुराग मिलने पर जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
पुलिस की प्राथमिकता मृतका की पहचान कर उसके परिवार और परिजनों तक पहुंचना है। हालांकि घटना के 16 दिन गुजर जाने के बाद भी महिला की शिनाख्त न हो पाना जांच के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। अब दो राज्यों के 15 जिलों में चलाए जा रहे अभियान से पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
