फोटो परिचय- 5100 दीप प्रज्ज्वलित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते यादव महासभा के पदाधिकारी।
* मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सैनिकों के बलिदान को किया याद
* शौर्य दिवस पर सैनिक गेस्ट हाउस में जुटे यादव महासभा के पदाधिकारी, राष्ट्र की एकता और अखंडता का लिया संकल्प
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांगला की रणभूमि में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले भारतीय सैनिकों की शहादत को याद करते हुए सैनिक गेस्ट हाउस में शौर्य दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 5100 दीप प्रज्ज्वलित कर 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 120 रणबांकुरों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। दीपों से जगमगाते परिसर में देशभक्ति और शहीदों के सम्मान का माहौल दिखाई दिया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दीप जलाकर मातृभूमि की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को नमन किया।
वक्ताओं ने रेजांगला युद्ध की वीरगाथा का उल्लेख करते हुए कहा कि 18 नवंबर 1962 को विषम परिस्थितियों और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 120 भारतीय जवानों ने अद्वितीय पराक्रम दिखाया था। दुश्मन की भारी सैन्य ताकत के सामने भी इन वीरों ने पीछे हटने के बजाय अंतिम सांस तक मोर्चा संभाले रखा। उनका अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान भारतीय सेना के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। शहीदों के त्याग और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के संयोजक सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वीर सिंह यादव फौजी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार जताया। इस मौके पर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी राजेश यादव, सुरेंद्र सिंह यादव, विनय यादव, राज यादव, अखिलेश यादव, कुंवर सिंह यादव, विकास यादव समेत समाज के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। अंत में सभी ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के सम्मान का संकल्प लिया।
