फोटो परिचय-  अपनी मांगों के समर्थन में बीडीओ को ज्ञापन सौंपते ग्राम रोजगार सेवक।

– कार्य बहिष्कार से ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावित होने के आसार

– कैशलेस इलाज, ईपीएफ भुगतान और सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

बहुआ, फतेहपुर(CNF)। लंबे समय से उपेक्षा का आरोप लगा रहे ग्राम रोजगार सेवकों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। शासन की कथित उदासीनता से नाराज ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा ने बुधवार से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।

आंदोलन के क्रम में ब्लॉक अध्यक्ष राकेश तिवारी के नेतृत्व में ग्राम रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी बहुआ को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। संगठन का कहना है कि मानदेय बढ़ाने और अन्य सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर लगातार शासन व विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जाता रहा है, लेकिन आश्वासन के बावजूद परिणाम सामने नहीं आए।

मोर्चा पदाधिकारियों के मुताबिक, बीती 13 नवंबर को आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग के साथ हुई वार्ता में समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी कोई निर्णय नहीं होने पर कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

ग्राम रोजगार सेवकों की प्रमुख मांगों में मासिक मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये करना, कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना, ईपीएफ का बकाया भुगतान सुनिश्चित करना तथा अन्य लंबित सेवा संबंधी मामलों का निस्तारण शामिल है। संगठन ने विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान भी काम न करने का निर्णय लिया है।

हड़ताल के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और मनरेगा से जुड़े कार्यों की प्रगति प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान ब्लॉक के तमाम ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now