फोटो परिचय-  प्रेस प्रतिनिधियों को जनगणना एवं मतदाता सूची अभियान की जानकारी देतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।

– मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए 21 से 29 नवंबर तक चार दिवसीय विशेष अभियान

– डीएम ने मीडिया संवाद में जनगणना और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की दी विस्तृत जानकारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने जनसहभागिता बढ़ाने की पहल तेज कर दी है। इसके तहत नागरिकों को 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा दी गई है। वहीं, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और छूटे हुए पात्र लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए नवंबर में चार दिन विशेष अभियान भी संचालित किया जाएगा।

गुरुवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस संवाद के दौरान जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इस व्यवस्था से लोगों को घर बैठे अपनी जानकारी उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की भावी योजनाओं और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को सही और सटीक जानकारी दर्ज करनी चाहिए। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से इस राष्ट्रीय अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने की अपील की।

मतदाता सूची के संबंध में डीएम ने बताया कि पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने और निर्वाचक नामावली के सत्यापन के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में पात्र मतदाताओं को सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है।

उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से अपील की कि विशेष अभियान की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित करें, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। संवाद के दौरान पत्रकारों ने विभिन्न मुद्दों पर सवाल और सुझाव भी रखे। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं पर जवाब देते हुए महत्वपूर्ण सुझावों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर ने ऑनलाइन स्वगणना पोर्टल पर पंजीकरण और परिवार से संबंधित विवरण भरने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से उपस्थित प्रेस प्रतिनिधियों को पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now