– 460 वाहनों के चालान, एक हजार शमन शुल्क वसूला
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और शांति भंग की संभावनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 29 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस की जानकारी के अनुसार थाना गाजीपुर में 2, धाता में 1, ललौली में 6, असोथर में 8, जाफरगंज में 4, कोतवाली में 1, मलवां में 2, हथगांव में 4 तथा बिंदकी में 1 व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग की आशंका के चलते कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अमन-चैन एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। वहीं वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए चलाए गए चेकिंग अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले 460 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही एक वाहन से 1000 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अपराध एवं अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
