शिकायतों के बाद भी नहीं जागा विभाग; आंदोलन की चेतावनी
मौसमी बीमारियों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं ठप
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लाख दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। विजयीपुर विकासखंड के पहाड़पुर गांव स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से बंद पड़ा है। केंद्र के मुख्य द्वार पर ताला लटकने से ग्रामीणों को मामूली इलाज और प्राथमिक उपचार के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इससे लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़पुर उप स्वास्थ्य केंद्र आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए प्राथमिक उपचार का प्रमुख केंद्र है। इन दिनों मौसम में बदलाव के चलते सर्दी, खांसी, बुखार समेत अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में जब लोग दवा और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं तो वहां ताला लटका मिलता है। मजबूरन मरीजों को कई किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल अथवा निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ग्रामीण महेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार और नरेंद्र ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कागजों पर जरूर है, लेकिन वास्तविकता में महीनों से कोई नियमित रूप से नहीं पहुंच रहा है। आपात स्थिति या गर्भवती महिलाओं के प्रसव के समय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उप स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित रूप से डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। विजयीपुर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ब्रजेश पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है। जल्द ही स्टाफ भेजकर स्वास्थ्य सेवाएं नियमित कराई जाएंगी।
