मदारीपुर कला में जनसभा की तैयारियों का जायजा लेते भाजपाई।
– 2027 चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन, बड़ी घोषणाओं की उम्मीद
– राजनीतिक हलचल तेज, जनता को सौगात का इंतजार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल (आज) मदारीपुर कला गांव से चुनावी और विकास दोनों मोर्चों पर बड़ा संदेश देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को लेकर जिले में राजनीतिक तापमान चरम पर है। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है, जबकि भाजपा संगठन जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक चुका है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले होने वाला यह दौरा सत्ता पक्ष के लिए शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच माना जा रहा है। वहीं आम जनता को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जिले के लिए विकास योजनाओं का पिटारा खोलते हुए कोई बड़ी सौगात दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे मदारीपुर कला में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यही वह ऐतिहासिक मैदान है, जहां पूर्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जनसभा कर चुके हैं। एक बार फिर यह गांव प्रदेश की राजनीति का केंद्र बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति का भी संकेत दे सकते हैं। जिले में लंबे समय से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, रोजगार और औद्योगिक विकास से जुड़ी मांगें उठती रही हैं। ऐसे में लोगों की निगाहें मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि फतेहपुर के लिए नई परियोजनाओं, विकास कार्यों या विशेष योजनाओं की घोषणा हो सकती है। हालांकि असली तस्वीर मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद ही साफ होगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह जनसभा केवल सरकारी योजनाओं के प्रचार का मंच नहीं, बल्कि भाजपा की चुनावी तैयारियों का भी बड़ा इम्तिहान होगी। जनसभा में उमड़ने वाली भीड़ संगठन की ताकत और आगामी चुनावी माहौल का संकेत मानी जाएगी।

रोपाई के मौसम में भीड़ जुटाना अग्निपरीक्षा

मुख्यमंत्री की जनसभा ऐसे समय हो रही है, जब जिले में धान की रोपाई अपने चरम पर है। किसान खेतों में व्यस्त हैं और मौसम की अनिश्चितता के बीच खेती-किसानी में जुटे हुए हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों को जनसभा तक लाना भाजपा संगठन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा। यही कारण है कि राजनीतिक दलों की नजर भी जनसभा की भीड़ पर रहेगी, क्योंकि इसे संगठन की जमीनी पकड़ का पैमाना भी माना जाएगा।

क्या फतेहपुर को मिलेगी बड़ी सौगात?

फतेहपुर की जनता की निगाहें अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर टिकी हैं। हर किसी के मन में एक ही सवाल है क्या मुख्यमंत्री जिले को कोई बड़ी विकास परियोजना, मेडिकल, शिक्षा, सड़क, सिंचाई या उद्योग से जुड़ी नई सौगात देंगे? इसका जवाब शनिवार को मदारीपुर कला की जनसभा में मिल जाएगा। इतना तय है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा फतेहपुर की राजनीति और विकास की दिशा तय करने वाला अहम पड़ाव साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now