फोटो परिचय-  मेवातगंज में मुस्लिम समाज के बीच सामाजिक समरसता का संदेश देतीं समिति की महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी।

– पूर्व सैनिक उत्थान समिति की बैठक में नशामुक्ति और सद्भाव पर जोर

– करीब 50 महिला-पुरुषों ने ग्रहण की समिति की सदस्यता

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की पहल के तहत पूर्व सैनिक उत्थान समिति ने जाफरगंज थाना क्षेत्र के मेवातगंज गांव में मुस्लिम समाज के बीच संवाद किया। नवरात्र पर्व से पहले आयोजित बैठक में समिति पदाधिकारियों ने सभी धर्मों के पर्वों का सम्मान करने और समाज में आपसी विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया।

समिति अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी एवं महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सूबेदार राम सजीवन और सार्जेंट अरुण तिवारी ने लोगों से जाति-धर्म से ऊपर उठकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत समाज की नींव आपसी सम्मान, प्रेम और सद्भाव से ही तैयार होती है।

बैठक में नवरात्र समेत सभी धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर जोर दिया गया। समिति अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने पुरुषों को शराब सहित अन्य नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाते हुए नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान किया।

महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि परिवार से लेकर समाज के विकास तक महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा सामाजिक बदलाव में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

समिति की पहल से प्रभावित होकर मेवातगंज के करीब 50 महिला-पुरुषों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान चुनना खान, शाहरुख खान, गुल मोहम्मद, गुलशन बेगम, सहीदिया बेगम, नौशीन बेगम, मंसूर खान, इशाक अहमद, खुश मोहम्मद, यार मोहम्मद, छोटिया बेगम और सीमा खान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने समिति की सामाजिक एकता और नशामुक्ति को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now