– धाता क्षेत्र में अढ़ौली इंटर कॉलेज के समीप हुआ हादसा, सिर में आई गंभीर चोट
– हेलमेट न पहनने की बात आई सामने, दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ससुराल से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे एक युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार देर रात धाता थाना क्षेत्र में अढ़ौली इंटर कॉलेज के पास हुआ। दुर्घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।
चित्रकूट जनपद के परसौजा गांव निवासी शिव विशाल (28) पुत्र चुन्नू फतेहपुर जिले के निहालपुर मजरे जगजीवनपुर, सुल्तानपुर घोष स्थित अपनी ससुराल से बाइक लेकर वापस गांव लौट रहा था। शुक्रवार रात करीब आठ बजे जैसे ही वह धाता थाना क्षेत्र के अढ़ौली इंटर कॉलेज के समीप पहुंचा, तभी सड़क हादसे का शिकार हो गया। बताया जाता है कि युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान चली गई।
दुर्घटना को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों के मुताबिक सड़क पर बने ब्रेकर से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा, जबकि कुछ लोगों ने किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को सीएचसी धाता पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने बाइक के पंजीकरण नंबर के जरिए वाहन स्वामी का पता लगाया और परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद मृतक की शिनाख्त शिव विशाल के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा कैसे हुआ, इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस जांच कर रही है। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में चीख-पुकार गूंज उठी।
