– लिहई गांव के समीप मैजिक और बाइक की सीधी भिड़ंत, बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
– शादी के महज एक महीने बाद ही जितेन्द्र की मौत से परिवार में पसरा मातम
CITY NEWS FATEHPUR
धाता, फतेहपुर(CNF)। खुशहाल वैवाहिक जीवन की शुरुआत के कुछ ही दिनों बाद एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। धाता थाना क्षेत्र के लिहई गांव के पास मैजिक वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर में 24 वर्षीय नवविवाहित युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर हरदासपुर सुकुलपुर निवासी जितेन्द्र कोरी (24) पुत्र भैरों प्रसाद अपने गांव के सरद कुमार पुत्र राजेश कुमार प्रजापति के साथ गलेहरा बाजार सब्जी खरीदने गया था। दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान लिहई गांव के पास सामने से आ रहे मैजिक वाहन से उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि जितेन्द्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सरद कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
दुर्घटना के बाद जुटे ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सरद कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर भेज दिया। वहां से उसे बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि जितेन्द्र की शादी बीते 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरगौला गांव निवासी राजू की बेटी ज्योति से हुई थी। वैवाहिक जीवन की खुशियां अभी ठीक से शुरू भी नहीं हो पाई थीं कि काल बनकर आए हादसे ने नवविवाहिता का सुहाग छीन लिया। जितेन्द्र सरिया-सीमेंट की दुकान पर पल्लेदारी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल युवक के परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे, इसलिए पुलिसकर्मी की मौजूदगी में उसे जिला अस्पताल मंझनपुर भिजवाया गया। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
