– मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर घर में दाखिल हुए शातिर चोर

– पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई वारदात, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर घर में घुसे चोर सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर आसानी से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर अंजाम दी गई। चोरी गए आभूषणों की कीमत पीड़ित ने करीब 15 लाख रुपये बताई है।

खागा कोतवाली क्षेत्र के मझिलगांव में अमित कुमार पासवान का मकान बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी काट दी और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद घर में रखे कीमती सामान को खंगालते हुए सोने का हार, कमरबंद, कान की झुमकियां सहित अन्य जेवरात समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से निकल गए।

घटना का पता चलने पर मकान मालिक के होश उड़ गए। पीड़ित अमित कुमार पासवान ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने चोरी गए करीब 15 लाख रुपये के जेवरात बरामद कराने और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

उधर, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। नेशनल हाईवे पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात को लेकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कोतवाली प्रभारी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now