बॉलीवुड के गलियारों से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। सबसे चर्चित कपल्स में से एक शरवरी वाघ और सनी कौशल के ब्रेकअप की वजह अब जाकर सामने आई है। खबरों की मानें तो दोनों के अलग होने के पीछे किसी तीसरे का हाथ नहीं, बल्कि उनका खुद का करियर और फेम है। दोनों के करियर ग्राफ में आए बदलाव ने उनके रिश्ते की दिशा ही बदल दी।
‘द फॉरगॉटन आर्मी’ से शुरू हुआ था सफर
शरवरी और सनी कौशल की मुलाकात कबीर खान की वेब सीरीज ‘द फॉरगॉटन आर्मी-आजादी के लिए’ के सेट पर हुई थी। इसी सीरीज के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनके डेटिंग की अफवाहें उड़ने लगीं। सनी कौशल, जो कि सुपरस्टार विक्की कौशल के छोटे भाई हैं, उनके करियर को लेकर शुरुआत में लगा था कि वह काफी आगे जाएंगे। हालांकि, एक दशक से ज्यादा समय फिल्म इंडस्ट्री में बिताने के बाद भी सनी को वह मुकाम नहीं मिला, जिसकी उन्हें उम्मीद थी।
शरवरी की बढ़ती कामयाबी बनी वजह
फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक अंदरूनी सूत्र ने दावा किया है कि दोनों के ब्रेकअप की असली वजह शरवरी का सनी से ज्यादा मशहूर होना है। ‘मुंज्या’ जैसी सुपरहिट फिल्म देने के बाद शरवरी का शेड्यूल काफी बिजी हो गया। सूत्र ने बताया, “आज के समय में शरवरी, सनी से ज्यादा पॉपुलर हैं। इस वजह से दोनों के बीच चीजें थोड़ी अजीब होने लगी थीं। यही वजह है कि साल 2025 में दोनों ने हमेशा के लिए अपनी राहें अलग कर लीं।” हालांकि, दोनों कलाकारों ने अभी तक इस पर खुलकर कोई बात नहीं की है
वेदांग रैना संग लिंक-अप की अफवाहें
सनी कौशल से अलग होने के बाद अब शरवरी का नाम उनके को-स्टार वेदांग रैना के साथ जोड़ा जा रहा है। दोनों ने हाल ही में रिलीज हुई इम्तियाज अली की फिल्म ‘मेन वापस आऊंगा’ में साथ काम किया है। हालांकि, शरवरी और वेदांग दोनों का यही कहना है कि वे सिर्फ बहुत अच्छे दोस्त हैं और उनके बीच ऐसा कुछ नहीं है।
सफलता के आसमान पर शरवरी का करियर
शरवरी का करियर इस समय रॉकेट की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। वह यशराज फिल्म्स के बड़े बैनर की पसंदीदा एक्ट्रेस बन चुकी हैं। उनकी आने वाली बड़ी फिल्म ‘अल्फा’ है, जिसमें वह आलिया भट्ट के साथ एक्शन करती नजर आएंगी। यह फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
