परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण करतीं डीएम व साथ में एसपी।
– सुरक्षा व्यवस्था व सीसीटीवी निगरानी परखी, अभ्यर्थियों की हुई सघन जांच
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में शुक्रवार को आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी-2026) कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी, पहचान पत्रों का सत्यापन तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई गई।
परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, स्ट्रांग रूम, परीक्षा कक्षों तथा प्रवेश द्वारों पर चल रही चेकिंग का बारीकी से निरीक्षण किया। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सतर्क रहते हुए प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रही। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रही। पूरे परीक्षा अवधि के दौरान उड़नदस्ते एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। प्रशासन की सख्त निगरानी और समुचित व्यवस्थाओं के चलते जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर यूपी टीईटी-2026 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में सकुशल संपन्न हुई।
