– खागा बाईपास पर हुआ दर्दनाक हादसा, लौटते समय अचानक अनियंत्रित हुई बाइक
– एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
– घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खागा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बाईपास नौबस्ता रोड पर तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
बताया गया कि भानपुर गांव निवासी सुखराम का 15 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार गांव के ही टोटी निवासी 25 वर्षीय रोहित के साथ बाइक से खागा कस्बा गया था। दोनों काम निपटाने के बाद बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह बाईपास नौबस्ता रोड पर पहुंचे, तभी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में सचिन कुमार को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रोहित भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में उसकी भी सांसें थम गईं।
दो मौतों की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
