जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करतीं डीएम।
– जिले के 4.23 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक दो बूंद
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पोलियो मुक्त समाज के संकल्प को साकार करने के लिए जनपद में रविवार से शुरू हो रहे सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ शनिवार को जिला चिकित्सालय से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने फीता काटकर किया। उन्होंने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं पैदल चलकर लोगों से अभियान को सफल बनाने की अपील की।
रैली में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार, जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गावी एवं जेएसआई के प्रतिनिधि, पत्रकार, एनसीसी कैडेट्स, डायट के प्रशिक्षु, नर्सिंग छात्राएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्र्रियां बड़ी संख्या में शामिल रहीं। जिला चिकित्सालय से शुरू हुई रैली आबूनगर क्षेत्र तक निकाली गई, जहां लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि 28 जून को आयोजित बूथ दिवस के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी विद्यालय खुले रहेंगे। शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकत्र्रियां बुलावा टोली के माध्यम से घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद के 4 लाख 23 हजार 800 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,280 पोलियो बूथ, 42 ट्रांजिट टीमें, 884 घर-घर टीमें, 256 पर्यवेक्षक तथा 39 सचल टीमें तैनात की गई हैं, जो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए कार्य करेंगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने जनपदवासियों से अपील किया कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं। स्वास्थ्य विभाग ने विश्वास जताया कि जनसहयोग से यह अभियान पूरी तरह सफल होगा और जनपद पोलियो उन्मूलन की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now