– अब हर कदम पर रहेगी पुलिस की नजर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 शातिर एवं अभ्यस्त अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया। इन अपराधियों के खिलाफ लूट, चोरी, नकबजनी, गोवध समेत विभिन्न संगीन मामलों में 65 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीट खोले गए सभी अपराधी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं और इनके खिलाफ जनपद सहित अन्य जिलों के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अपराध की दुनिया में सक्रिय रहने और लगातार कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनने के कारण इन पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया है। हिस्ट्रीशीट खोले गए अपराधियों में असोथर थाना क्षेत्र का रोहित सिंह, खागा का कासिम अली, कोतवाली क्षेत्र का सलीम उर्फ सलमान, बिंदकी का हलीम उर्फ मुल्ला एवं पिंटू उर्फ पटुआ, राधानगर का राकेश विश्वकर्मा, हथगांव क्षेत्र के अशोक पासवान, तौशीक, कमल सिंह उर्फ ननचू, शनी और अर्जुन तथा बकेवर का सुनील कुमार पासवान शामिल हैं। इन पर लूट, चोरी, नकबजनी और गोवध जैसे अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद इन अपराधियों की गतिविधियों पर चैबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। इनके आवागमन, संगत और गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। थाना स्तर पर इनके सत्यापन और निगरानी की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now