CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत पुलिस ने शनिवार को जनपद भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति एवं छेड़छाड़ विरोधी टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही ग्राम चैपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया और उनकी समस्याओं का त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता सेवा 108, बाल सहायता सेवा 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल की जानकारी विस्तार से दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, साइबर ठगी, उत्पीड़न या अपराध की सूचना तत्काल इन सेवाओं के माध्यम से देकर समय पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि महिलाओं के प्रति होने वाले किसी भी अपराध या उत्पीड़न की सूचना बिना किसी हिचकिचाहट के पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके। मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now