CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता देते हुए पुलिस ने बुधवार को ऑपरेशन दहन के तहत एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त किए गए 1067.375 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण कराया। इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त तस्करों और अपराधियों को कड़ा संदेश दिया गया है कि जनपद में मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी थरियाव की उपस्थिति में यह महत्वपूर्ण कार्रवाई संपन्न हुई। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों असोथर, खागा, चांदपुर, सुल्तानपुर घोष, बकेवर, राधानगर, कल्याणपुर, थरियाव, जाफरगंज, गाजीपुर, जहानाबाद, मलवां, हुसैनगंज, किशनपुर, बिंदकी एवं कोतवाली नगर में दर्ज कुल 103 एनडीपीएस अभियोगों से संबंधित जब्त गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया। पुलिस द्वारा यह विनष्टीकरण मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी कानपुर में सक्षम समिति एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित मानकों और कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण अनुपालन करते हुए कराया गया। पूरी कार्रवाई पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों के तहत संपन्न की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उसका अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। विनिष्टीकरण कराने वाली टीम में नारकोटिक्स सेल के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पाठक, उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल रीना उपाध्याय शामिल रहीं।
