– आनंदेश्वर मंदिर के समीप कब्रिस्तान में पड़ा मिला शव, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
– परिजन घर से थे बाहर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आनंदेश्वर मंदिर के निकट स्थित कब्रिस्तान में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से छानबीन की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान छेऊका गांव निवासी बासदेव गुप्ता (60) पुत्र जयलाल गुप्ता के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक बासदेव बुधवार सुबह करीब छह बजे तक अपने घर पर मौजूद थे। इसके बाद उनका शव कब्रिस्तान में मिलने की जानकारी सामने आई। बताया गया कि परिवार में आए दिन घरेलू विवाद भी होते रहते थे। घटना के समय उनका पुत्र कुलदीप गुप्ता अपनी बड़ी बहन के घर बिंदकी गया हुआ था, जबकि पत्नी शांति देवी गुप्ता अपने मायके टेनी, खागा में थीं।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
