– पति से कहासुनी के बाद उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
– तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, परिवार में मचा कोहराम
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। करवा चौथ के दिन जहां सुहागिनें अपने पति की दीर्घायु की कामना कर रही थीं, वहीं खागा कोतवाली क्षेत्र के पुरइन गांव में एक विवाहिता की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पति-पत्नी के बीच सुबह हुई कहासुनी के बाद 32 वर्षीय सुमन देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां की मौत से तीन बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, पुरइन गांव निवासी विमलेश चौहान खागा पावर हाउस में मजदूरी करता है। गुरुवार सुबह किसी बात को लेकर विमलेश और उसकी पत्नी सुमन देवी के बीच विवाद हो गया। इसके कुछ देर बाद विमलेश अपने बच्चों कृष्णा, मानव और पायल को स्कूल छोड़ने चला गया। इसी दौरान सुमन घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई, जहां उसने आत्महत्या कर ली। स्कूल से लौटने के बाद पति को घटना की जानकारी हुई तो घर में अफरा-तफरी मच गई। उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मझिलगांव चौकी के उपनिरीक्षक प्रभाष चंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है। मृतका का मायका हुसेनगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव में बताया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खागा कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
