फोटो परिचय- मृतक बालक अंशू तिवारी की फाइल फोटो।
– छत से नीचे गिरा था जहरीला सांप, चीख सुनकर परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
– मेडिकल कॉलेज में दो दिन चला उपचार, कक्षा चार के छात्र की मौत से परिवार में मातम
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। खखरेरू थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में जहरीले सांप के डसने से दस वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता भी सर्पदंश का शिकार हो गए। घटना उस समय हुई जब पिता-पुत्र घर के कमरे में एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। उपचार के दौरान बालक की हालत लगातार गंभीर बनी रही और मेडिकल कॉलेज में दो दिन तक चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रामनगर निवासी सुनील तिवारी बुधवार रात अपने दस वर्षीय बेटे अंशू तिवारी के साथ कमरे में सो रहे थे। बताया गया कि देर रात करीब दो बजे अचानक छत से एक जहरीला सांप बिस्तर पर आ गिरा। इससे पहले कि पिता-पुत्र कुछ समझ पाते, सांप ने दोनों को डस लिया। सर्पदंश के बाद दोनों की चीख निकलने पर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।
परिजन तत्काल पिता-पुत्र को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अंशू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में अंशू का लगातार दो दिन उपचार किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका। आखिरकार उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अंशू नेशनल पब्लिक स्कूल खखरेरू में कक्षा चार का छात्र था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद मातम का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
