फोटो परिचय- छात्र के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत करतीं पीड़िता।
– सिर में चोट लगने के बाद बच्चे को लगाने पड़े चार टांके
– पीड़ित परिवार ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर उठाई कार्रवाई की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मिठनपुर खुराना स्थित एक निजी विद्यालय में आठ वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। बच्चे की दादी भानमती पत्नी राधेश्याम लोधी, निवासी जयराम का पुरवा, ने शिक्षक पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उन्होंने मामले की जांच कराकर संबंधित शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ ही स्कूल की मान्यता निरस्त करने की मांग की है।
पीड़िता के प्रार्थना पत्र के मुताबिक, उनका नाती अर्पित जय श्रीराम प्रसाद आदर्श विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। आरोप है कि आठ अक्टूबर को शिक्षक रंजीत ने बच्चे को कुएं से पानी लाने के लिए कई बार भेजा। चौथी बार जाने में असमर्थता जताने पर शिक्षक ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की और सिर कुर्सी से टकरा दिया। इससे बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान चार टांके लगाने पड़े।
भानमती का यह भी आरोप है कि विद्यालय में बच्चों से काम कराया जाता है और विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। उन्होंने शिकायत की कि घटना के संबंध में विद्यालय पहुंचकर बात करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र पर पूर्व विधायक कमल सिंह ने भी शीघ्र उचित कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। हालांकि, मामले में संबंधित शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।
