– प्रेमी की बेरहमी से पिटाई, घायल प्रेमी को तड़पता देख पानी पिलाती रही प्रेमिका
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। इश्क की राह पर साथ जिंदगी बिताने के सपने संजोए दो नाबालिगों की प्रेम कहानी उस वक्त अधूरी रह गई, जब घर से भाग रहे प्रेमी-प्रेमिका को परिजनों ने रास्ते में ही पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों का सारा गुस्सा किशोर पर टूट पड़ा और उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, प्रेमी को दर्द से तड़पता देख किशोरी खुद उसे पानी पिलाती नजर आई। यह भावुक दृश्य वहां मौजूद लोगों की आंखों के सामने प्रेम और बेबसी की तस्वीर बन गया।
मामला खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव का है। 15 वर्षीय किशोरी अपने नाबालिग प्रेमी के साथ घर से निकल गई थी। दोनों शायद नई जिंदगी की तलाश में थे, लेकिन परिजनों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पकड़ते ही परिजनों ने किशोर की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच प्रेमिका अपने घायल प्रेमी के पास बैठकर उसे पानी पिलाती रही। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूचना पर पहुंची खखरेरू थाना पुलिस ने दोनों को भीड़ और परिजनों के बीच से सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now