– युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नहीं लगा सुराग
– शिकायत करने पर मां और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। बेटी की तलाश में भटक रही मां ने अब पुलिस अधीक्षक के समक्ष गुहार लगाकर आरोपी की गिरफ्तारी और अपनी पुत्री की सकुशल वापसी की मांग की है। मां का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक किशोरी का पता नहीं लगा सकी है।
दौलतपुर गांव निवासी ममता देवी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीती 18 सितंबर की रात करीब एक बजे गांव का ही अभिषेक पटेल उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि किशोरी घर से सोने-चांदी के आभूषण और 2.50 लाख रुपये नकद भी लेकर गई है। इनमें सोने की चेन, हार, झाले और मंगलसूत्र के अलावा चांदी की पायल व हाफ पेटी शामिल हैं।
पीड़िता के मुताबिक, घटना को लेकर कल्यानपुर थाने में मुकदमा संख्या 208/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) और 87 में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद भी बेटी की बरामदगी नहीं हो सकी। मां का कहना है कि वह कई बार थाने के चक्कर लगा चुकी है। 24 सितंबर और पांच अक्टूबर को भी पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अभी तक कोई नतीजा सामने नहीं आया।
ममता देवी ने शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि 11 अक्टूबर को अभिषेक के मामा संदीप पटेल निवासी उमेदपुर, थाना मलवां, पिता ओम प्रकाश निवासी दौलतपुर और बीडीसी धर्मेंद्र यादव निवासी अहीरनखेड़ा ने उन्हें तथा उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि धमकी देने वालों ने बेटी को अपने कब्जे में होने की बात कहते हुए कहीं शिकायत करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की चेतावनी दी।
बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित मां ने पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने, धमकी देने वालों पर कार्रवाई और नाबालिग पुत्री को जल्द सकुशल बरामद कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी फरियाद रखने को मजबूर होंगी।
