– प्रेम प्रसंग को लेकर पहले भी दर्ज हुआ था मुकदमा, जेल भी गया था मृतक

– बहनोई ने प्रेमिका के परिजनों पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। खागा कोतवाली क्षेत्र के रोशनपुर टेकारी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर चारपाई पर एक युवक का शव पड़ा मिला। ननिहाल में रह रहे 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना को लेकर मृतक के बहनोई ने प्रेम प्रसंग से जुड़े पुराने विवाद का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई है।

मृतक की पहचान सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मालादेई मजरे इजुरा खुर्द निवासी रामचन्द्र के पुत्र प्रदीप उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। वह पेशे से डीजे संचालक था और काफी समय से खागा क्षेत्र के रोशनपुर टेकारी गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। शुक्रवार की सुबह उसका शव घर के बाहर चारपाई पर मिलने से ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बहनोई संदीप ने बताया कि प्रदीप का ननिहाल में रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था। इसी मामले को लेकर वर्ष 2023 में युवती के परिजनों ने उसके खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में प्रदीप को जेल भी जाना पड़ा था, हालांकि बाद में अदालत से फैसला उसके पक्ष में आया था। बहनोई का आरोप है कि पुराने विवाद की रंजिश में युवती के परिजनों ने प्रदीप की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now