लखनऊ में सम्मान ग्रहण करते अजगवां वार्ड के सभासद।
– सभासद विवेक यादव को मिला प्रदेश स्तरीय सम्मान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। विश्व बालश्रम निषेध दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमतीनगर में आयोजित भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जनपद ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। पूरे जिले में केवल वार्ड नंबर-1 अजगवां को बालश्रम मुक्त वार्ड घोषित किया गया। जिसके लिए वार्ड के सभासद विवेक यादव को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में बालश्रम उन्मूलन और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। अजगवां वार्ड को बाल श्रम मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सभासद विवेक यादव को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने विवेक यादव को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान बालश्रम के खिलाफ चलाए गए अभियान और समाज में जागरूकता फैलाने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की गई। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पूरे जनपद में केवल अजगवां वार्ड ही बाल श्रममुक्त पाया गया। इस सम्मान से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और इसे बच्चों के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। सम्मान प्राप्त करने के बाद विवेक यादव ने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय वार्डवासियों, प्रशासन और अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों को दिया।
