बाढ़ बाॅक ड्रिल का जायजा लेते डीएम व एसपी।
– राहत-बचाव का दिखा दम, अधिकारियों ने दिए निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों का व्यापक प्रदर्शन किया। थाना औंग क्षेत्र के बिंदकी फार्म गांव में गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की उपस्थिति में भव्य मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का जीवंत प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का काल्पनिक वातावरण तैयार कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया गया। राहत शिविरों की स्थापना, प्रभावित लोगों का पंजीकरण, खाद्यान्न एवं आवश्यक सामग्री का वितरण, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था और आपदा के समय अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं का सफल प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभ्यास के दौरान भवन ध्वस्तीकरण की काल्पनिक स्थिति भी बनाई गई। तेज आंधी, बारिश अथवा बाढ़ के कारण भवन गिरने की स्थिति में उसमें फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने तथा अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। खोज एवं बचाव दलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी दक्षता का परिचय दिया। इस दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी मानकों का पालन करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक सक्षम और सतर्क बनाना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाकर जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि बाढ़ आने से पूर्व जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपदा की स्थिति में सहयोग करने की अपील की गई। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह मेगा मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि फतेहपुर प्रशासन बाढ़ जैसी किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now