अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपते ताजिया कमेटी के पदाधिकारी।
– मोहर्रम पर्व पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की उठाई मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को ताजिया व अलम इंतेजामिया कमेटी के पदाधिकारियों ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों से अवगत कराया। कमेटी ने मोहर्रम के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा ताजिया जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि मोहर्रम के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु ताजिया एवं अलम के जुलूसों में शामिल होते हैं। ऐसे में जुलूस मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही रास्तों में लटके हुए बिजली के तारों को ऊंचा कराया जाए, जिससे ताजियों और अलम के आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो और किसी दुर्घटना की आशंका भी न रहे। कमेटी के पदाधिकारियों ने यह भी मांग की कि ताजिया रूटों पर जुलूस के समय विद्युत विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि किसी प्रकार का लोकल फॉल्ट होने पर उसे तत्काल ठीक किया जा सके और जुलूस प्रभावित न हो। अधिशासी अभियंता ने कमेटी के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि मोहर्रम के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष चैधरी मोईन राईन, महासचिव वारिस उद्दीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शब्बीर अहमद, उपाध्यक्ष चैधरी अब्दुल सलाम, कनिष्ठ उपाध्यक्ष समी खां, इंतेजामकार फरीद खां, परवेज खां, रियाज अहमद, हाजी खुर्शीद आलम, इस्माइल वारसी, लल्लू राईन, राशिद राईन, सलमान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
