मौन धारण कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि देतीं पूर्व सैनिक संगठन की महिलाएं।
– समिति ने अस्पतालों-होटलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, आंदोलन की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। रविवार को पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक समिति की अध्यक्ष साधना सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत लखनऊ अग्निकाण्ड में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। साथ ही शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति की पदाधिकारी सुमन मौर्य ने कहा कि ऐसी दर्दनाक घटनाएं केवल हादसे नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी यदि सुरक्षा मानकों का ईमानदारी से पालन कराएं तो मासूम जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि जिन माता-पिता ने अपने बच्चों को बेहतर भविष्य के सपने के साथ पढ़ने भेजा था, उनके दर्द की कल्पना भी नहीं की जा सकती। महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने कहा कि जिले भी अग्नि सुरक्षा के मामले में सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के कई अस्पतालों और होटलों में राष्ट्रीय भवन सुरक्षा मानकों एवं अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। आग अथवा भूकंप जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की पर्याप्त व्यवस्था भी अधिकांश संस्थानों में नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विभागों द्वारा अनियमित तरीके से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं, जबकि कई भवनों में अग्निशमन यंत्र तक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन नहीं कराया तो पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति एवं महिला संगठन संयुक्त रूप से जनांदोलन शुरू करेंगे। संगठन की मांग है कि सभी अस्पतालों, होटलों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। बैठक में सरोज शर्मा, माया देवी, सुनीता यादव, मीरा मिश्रा, पुष्पा तिवारी, मीरा देवी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
