नहर कालोनी में मासिक बैठक करते भाकियू महात्मा टिकैत के पदाधिकारी।
– भाकियू महात्मा टिकैत ने बैठक कर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत की मासिक बैठक सोमवार को नहर कॉलोनी परिसर में जिलाध्यक्ष मधुसूदन तिवारी एवं युवा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रामदत्त मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। किसानों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग उठाई गई।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा किसानों को खाद की उपलब्धता का रहा। इसके अलावा नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने तथा लगातार हो रही बिजली कटौती पर भी किसानों ने गहरी नाराजगी जताई। किसानों का कहना था कि धान की रोपाई का समय चल रहा है और ऐसे में खाद, सिंचाई तथा बिजली की समस्या से खेती प्रभावित हो रही है। बैठक के दौरान प्रदेश महासचिव रामदत्त मिश्र ने कृषि विभाग के अधिकारियों से विस्तृत वार्ता की। इस दौरान अपर कृषि अधिकारी तथा एडीओ सदर पीसीएफ ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कराई। जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी दी कि डीएपी और यूरिया का आवंटन पत्र सभी समितियों के लिए जारी हो चुका है। जैसे-जैसे समितियों से आरटीजीएस प्राप्त होगा, उसी क्रम में खाद की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सोमवार देर शाम से समितियों पर खाद पहुंचना शुरू हो जाएगी। कृषि विभाग की ओर से यह भी बताया गया कि एक हेक्टेयर भूमि पर एक फसल के लिए किसान अधिकतम सात बोरी यूरिया और पांच बोरी डीएपी प्राप्त कर सकते हैं। बैठक के उपरांत भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें खाद की निर्बाध उपलब्धता, नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने तथा बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। बैठक में मंडल सचिव मन्नीलाल, जिला संरक्षक राजू सिंह, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राम आसरे यादव, जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, अखिलेश पटेल, महिला जिलाध्यक्ष रिंकी जायसवाल, केशन पांडेय, विजय सिंह चैहान, विजय सिंह चैहान, मुशीर अहमद, विवेक शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे। मोहम्मद रजा खान, करन सिंह पटेल, फिरोज खान, रामचंद्र सिंह और सुधीर साहू समेत कई नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now