शिलापट्ट का पर्दा हटाकर लोकार्पण करतीं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति।
– प्लेटफॉर्म नंबर-4, आधुनिक प्रतीक्षालय, पार्किंग समेत यात्री सुविधाओं की मिली सौगात
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित फतेहपुर रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्टेशन परिसर में आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं जिले की पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति, विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. गीता शाक्य मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन पर विकसित नई यात्री सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नवनिर्मित प्लेटफॉर्म नंबर-4, आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, आकर्षक स्टेशन भवन, विस्तृत पार्किंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन के लिए सुगम सुविधाएं तथा स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं। स्टेशन के नए स्वरूप को देखकर यात्रियों और शहरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य अतिथि साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से छोटे और मध्यम शहरों के रेलवे स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। राज्यसभा सांसद डॉ. गीता शाक्य ने कहा कि फतेहपुर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि जिले की पहचान भी और मजबूत होगी। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र पटेल समेत रेलवे अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल रहा और प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।
