– शाम होते ही मच्छरों के हमले से घरों में रहना हुआ मुश्किल

– डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों की आशंका, नगर पालिका से फॉगिंग कराने की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। शहर के सीओ कार्यालय के आसपास मच्छरों की बढ़ती तादाद ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। साफ-सफाई व्यवस्था और मच्छर नियंत्रण के दावों के बावजूद क्षेत्र में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। दिन ढलते ही मच्छरों का हमला शुरू हो जाता है, जिससे लोगों का घरों के अंदर बैठना तक दूभर हो गया है।

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक क्षेत्र की नालियों में जमा गंदगी और जगह-जगह ठहरे पानी के कारण मच्छरों को पनपने का अनुकूल वातावरण मिल रहा है। नियमित सफाई के अभाव में समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। मच्छरों के आतंक का सबसे ज्यादा असर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। रात में लोग मच्छरों से बचने के लिए तमाम उपाय करने को मजबूर हैं।

क्षेत्र में मच्छरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी लोगों को परेशान कर रही है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि केवल सफाई के दावे करने से समस्या दूर नहीं होगी, बल्कि धरातल पर कार्रवाई जरूरी है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेकर लोगों को राहत दिलाने के लिए कब कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now