– रोडवेज बस की चपेट में आकर हुई थी स्कूटी सवार महिला की मौत
– एसडीएम सदर को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी, प्रत्यक्षदर्शियों से मांगी जानकारी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के देवीगंज में हुए दर्दनाक सड़क हादसे को लेकर जिला प्रशासन ने जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत के मामले में अब मजिस्ट्रियल जांच के जरिए दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। इसके लिए उप जिला मजिस्ट्रेट सदर पिनाक पाणि द्विवेदी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासन के अनुसार बीती 18 जून को सुबह करीब 10:30 बजे देवीगंज में बांदा डिपो की निगम बस संख्या यूपी-78 एलएन-9644 और एक स्कूटी के बीच टक्कर हो गई थी। दुर्घटना के दौरान स्कूटी चला रहीं खुशबू पत्नी सुजान, निवासी झरहा थाना खागा, बस के पिछले पहिये की चपेट में आ गई थीं। गंभीर हादसे में उनकी जान चली गई थी।
जिलाधिकारी की ओर से तीन नवंबर 2026 को जारी निर्देशों के क्रम में इस प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच शुरू की गई है। एसडीएम सदर ने बताया कि घटना से संबंधित जानकारी रखने वाले व्यक्ति, प्रत्यक्षदर्शी अथवा अन्य कोई साक्ष्य प्रस्तुत करने का इच्छुक व्यक्ति अपना बयान दर्ज करा सकता है। इसके लिए 18 नवंबर से पांच दिसंबर 2026 तक की अवधि निर्धारित की गई है।
इच्छुक व्यक्ति अवकाश के दिनों को छोड़कर कार्यालय अवधि में एसडीएम सदर के न्यायालय अथवा कार्यालय पहुंचकर लिखित या मौखिक बयान और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हादसे से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी साझा कर निष्पक्ष जांच में सहयोग करें।
