शाहरुख खान, अक्षय कुमार, कमल हासन और मोहनलाल समेत फिल्म जगत की कई हस्तियों ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई दी तथा उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की। गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को 76 वर्ष के हो गए। शाहरुख खान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, ‘‘आशा है कि आपके आने वाले वर्ष उत्तम स्वास्थ्य, खुशी और संतुष्टि से भरे हों।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘ईश्वर करे कि आप राष्ट्र को प्रेरित करने के लिए हमेशा शक्ति और सकारात्मकता बनाए रखें।’’ अक्षय कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला और लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने तथा किसी के चेहरे पर मुस्कान लाने का आग्रह किया।

अक्षय ने लिखा, ‘‘आज हमारे प्रधानमंत्री का जन्मदिन है और इस दिन को सेवा संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। मुझे नहीं लगता कि जन्मदिन मनाने का इससे खूबसूरत तरीका कोई और हो सकता है।’’ प्रधानमंत्री मोदी निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा में अपने निर्बाध 25 साल सात अक्टूबर को पूरे करेंगे। उन्होंने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी, जिसके बाद वह 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने।

मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा देश भर में सेवा पहलों और सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी इस अवसर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मना रही है, जिसके तहत महीने भर चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान के हिस्से के रूप में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू हुआ है। एक अन्य पहल ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत भारत भर में 500 से अधिक प्रमुख स्थानों पर एक साथ दीप प्रज्वलन समारोह आयोजित किए जाएंगे।

अभिनेता अजय देवगन ने ‘एक्स’ पर लिखा कि देश के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की सेवा इस बात की याद दिलाती है कि ‘‘सच्ची सेवा कैसी होती है।’’ अजय देवगन ने लिखा, ‘‘भारत के लोगों, विशेषकर अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के प्रति आपकी प्रतिबद्धता ने मुझे हमेशा गहराई से प्रभावित किया है।’’ अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने भी प्रधानमंत्री को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘आने वाला वर्ष आपके लिए अच्छा स्वास्थ्य और हमारे महान राष्ट्र की सेवा करने के निरंतर अवसर लेकर आए।’’ मलयालम अभिनेता मोहनलाल ने कहा कि देश की प्रगति के लिए प्रधानमंत्री मोदी की ‘‘अथक प्रतिबद्धता लाखों लोगों को प्रेरित करती है।’’ अभिनेता ममूटी ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेता चिरंजीवी ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘‘संकल्प, अनुशासन और भारत की सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता’’ की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘एक मजबूत, आत्मनिर्भर भारत के लिए आपका दृष्टिकोण और आपकी सेवा भावना लाखों लोगों को प्रेरित करती है।’’ अभिनेता राम चरण ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ में शामिल होने की घोषणा की। रामचरण ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इस पहल में अपने योगदान के रूप में, मैं आने वाले महीनों में 1,000 महिलाओं को कौशल विकास प्रदान करने का संकल्प लेता हूं।’’ अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कंगना रनौत ने एक्स पर प्रधानमंत्री के साथ एक तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

 

आइए, आशीर्वाद का दीया जलाएं और माननीय प्रधानमंत्री को अपनी शुभकामनाएं व स्नेह अर्पित करें। अभिनेता नागार्जुन ने भी प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की और देश का नेतृत्व करने की उनकी यात्रा को निःस्वार्थ बताया। जैकी श्रॉफ और काजोल ने भी सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी, जबकि संजय दत्त ने प्रधानमंत्री के साथ एक तस्वीर पोस्ट की और उनके नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त किया।

 

शत्रुघ्न सिन्हा ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री मोदी के ‘‘लंबे, स्वस्थ, शांतिपूर्ण और खुशहाल जीवन’’ की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now