– चोरी की मोटरसाइकिल व फर्जी नंबर प्लेट बरामद
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल और उसकी पहचान छिपाने के लिए लगाई गई फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अभियान के तहत कर्मीपुर मोड़ पर चल रही वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। जांच में बाइक चोरी की निकली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम सिंह उर्फ ननू यादव पुत्र बाबूदेव यादव, निवासी ग्राम देवरा, थाना सुल्तानपुर घोष के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बाइक पर दूसरी मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट लगाकर पहचान छिपाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर टीबी सिंह का कहना है कि जनपद में वाहन चोरों और अन्य अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
