फोटो परिचय-  जनगणना संबंधी मीडिया कार्यशाला में जानकारी देते सीडीओ पवन कुमार मीना व उपस्थित अन्य अधिकारी।

– एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे प्रगणक

– विकास भवन में मीडिया कार्यशाला, सीडीओ ने बताई पूरी प्रक्रिया

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने जागरूकता और तैयारियों की कवायद तेज कर दी है। जनसंख्या गणना के दूसरे चरण में नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों से आवश्यक विवरण एकत्र करेंगे।

जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने और निर्धारित समय-सारिणी की जानकारी देने के लिए गुरुवार को विकास भवन सभागार में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में जनगणना की प्रक्रिया, स्वगणना के प्रावधान और घर-घर सर्वेक्षण की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।

सीडीओ ने बताया कि निर्धारित अवधि में नागरिक संबंधित पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना पूरी होने के बाद प्रगणक घरों तक पहुंचकर जनगणना की प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आमजन की सहभागिता जरूरी है। नागरिक निर्धारित समय में अपनी जिम्मेदारी निभाएं, जिससे गणना का कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सके।

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने मीडिया प्रतिनिधियों को जनगणना से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सवालों और जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया। सीडीओ ने कहा कि जनगणना संबंधी सूचनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है। व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को स्वगणना की समय-सीमा और प्रगणकों के घर पहुंचने की जानकारी दी जाए, ताकि किसी भी स्तर पर भ्रम की स्थिति न रहे।

उन्होंने जनगणना से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए उपलब्ध पोर्टल का उपयोग करने की अपील की। साथ ही बताया कि अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1855 और व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 18001801855 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यशाला में संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक और विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now