CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) अभियान के तहत सोमवार को जनपद में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने गांव-गांव, बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चैपाल लगाकर महिलाओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध है। महिलाओं को कानून द्वारा दिए गए अधिकारों की जानकारी देते हुए उन्हें बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं, छात्राओं और आमजन को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा पोर्टल के बारे में विस्तार से बताया गया और किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का तुरंत उपयोग करने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल अपराधों पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करना तथा समाज में उनके प्रति सम्मान और सुरक्षा का वातावरण मजबूत करना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
